दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के शहपुरा-भिटौनी इलाके में नामी ब्रांड की चॉकलेट में कीड़ा और फफूंद मिलने का मामला सामने आया है। कक्षा 8वीं के छात्र अंश सेन ने किराना दुकान से ₹55 की कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट खरीदी थी। घर पहुंचकर जैसे ही उसने चॉकलेट का रैपर खोला, उसमें मरा हुआ कीड़ा, उसके अंडे और फफूंद दिखाई दी। चॉकलेट से तेज बदबू भी आ रही थी।
परिजनों के मुताबिक, चॉकलेट के पैकेट पर एक्सपायरी डेट 8 जून 2026 दर्ज थी। यानी उत्पाद अभी वैध अवधि में था, इसके बावजूद उसमें खराबी मिली। चॉकलेट खोलते ही परिवार के लोग भी हैरान रह गए।
अंश के परिचित मोनू जसवाल ने बताया कि अगर बच्चा यह चॉकलेट खा लेता, तो उसकी सेहत को गंभीर नुकसान हो सकता था। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर है और बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ है।
परिवार ने खराब चॉकलेट को सबूत के तौर पर सुरक्षित रख लिया है। मामले में खाद्य विभाग से शिकायत करने और जांच के लिए सैंपल भेजने की तैयारी की जा रही है। साथ ही कंपनी के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में भी मामला दर्ज कराया जा सकता है।
बच्चों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
खाद्य पदार्थों में इस तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। समय रहते जांच और सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
