MP News: प्रेमिका की मौत के 48 घंटे बाद प्रेमी ने खाया सल्फास

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। भांडेर थाना क्षेत्र के ग्राम तिघरा खिरिया में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के दो दिन बाद उसके कथित प्रेमी ने भी सल्फास खाकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार तिघरा खिरिया निवासी ममता दोहरे (45) पत्नी राजेंद्र दोहरे ने शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे अपने घर में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया।

परिजनों का आरोप है कि ममता का भांडेर निवासी मोनू सेंगर से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात मोनू ममता के घर आया था, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। परिवार के लोगों के हस्तक्षेप के बाद मोनू वहां से चला गया और कुछ देर बाद ममता ने फांसी लगा ली।

इधर, घटना के दो दिन बाद रविवार शाम मोनू सेंगर ने भी सल्फास खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। मोनू भांडेर के ठाकुरस मोहल्ला का रहने वाला है और खेती-किसानी करता है। वह दो बच्चों का पिता बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मोनू ने पहूज नदी के पास सल्फास खाया और बाद में घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे तुरंत भांडेर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी

भांडेर थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को देखते हुए प्रेम प्रसंग, विवाद और अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post