दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रविवार दोपहर गौर नदी में स्नान करने गई एक महिला की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान रंजीता भूमिया (38) पत्नी करिया भूमिया निवासी भीटा चंडी मोहल्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गौर नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
गौर चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक राकेश सिंह के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास मौजूद लोगों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक उसे पानी से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Tags
jabalpur
