Jabalpur News: तेज रफ्तार का कहर, ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचला, 50 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के जबलपुर-दमोह रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

टक्कर के बाद पहिए में फंसा रहा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 10 बजे पाटन नगर स्थित स्टेट बैंक के पास हुआ। दमोह से जबलपुर की ओर आ रहे ट्रक (MP09 HH 3760) ने सामने से आ रहे स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया।

मौके पर मौत, चालक हिरासत में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पहचान को लेकर संशय

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। दस्तावेजों के आधार पर युवक के सिवनी जिले का निवासी होने की आशंका है, जबकि स्कूटी (MP49 ZG 9251) नरसिंहपुर जिले में पंजीकृत है। प्रारंभिक तौर पर उसका नाम राम सिंह बताया जा रहा है, हालांकि परिजनों से संपर्क कर पुष्टि की जा रही है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि पाटन के इस तिराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई बार प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post