दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के अधारताल क्षेत्र स्थित रद्दी चौकी में बुधवार सुबह मेन पाइपलाइन फूटने से भारी जल बर्बादी और अव्यवस्था की स्थिति बन गई। पाइपलाइन फटने के बाद करीब 50 फीट ऊंचाई तक पानी का फव्वारा फूट पड़ा, जिससे देखते ही देखते सड़क पर जलभराव हो गया।
आवागमन हुआ प्रभावित
सड़क पर पानी भर जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को रास्ता बदलकर आवागमन करना पड़ा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
भीषण गर्मी में पानी की बर्बादी
गौरतलब है कि भीषण गर्मी के बीच हजारों गैलन पेयजल यूं ही सड़क पर बह गया, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों ने इसे नगर निगम की लापरवाही बताया।
सूचना के बाद भी देरी से पहुंचा अमला
स्थानीयजनों ने तुरंत नगर निगम के जलप्रदाय विभाग को सूचना दी, लेकिन करीब एक घंटे की देरी के बाद सप्लाई बंद कराई जा सकी। इसके बाद मौके पर पहुंचे निगम अमले ने मरम्मत कार्य शुरू किया।
पूरे क्षेत्र में गहराया जल संकट
मेन पाइपलाइन फूटने के कारण अधारताल, आनंद नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई। कई टंकियां नहीं भर सकीं, जिससे क्षेत्र में जल संकट गहरा गया है।
शाम की सप्लाई को लेकर चिंता
स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर चिंता बनी हुई है कि शाम तक घरों में पानी पहुंच पाएगा या नहीं।
Tags
jabalpur
