Jabalpur News: प्रेमिका से शादी की जिद में 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में मंगलवार सुबह एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद में हाईटेंशन लाइन के करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक ने साफ कह दिया कि जब तक उसकी प्रेमिका आकर शादी के लिए हां नहीं करेगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।

जानकारी के अनुसार, मैहर निवासी रतन कोरी अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। मंगलवार सुबह वह गंजताल गांव पहुंचा और एक बार फिर शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन इनकार होने पर नाराज होकर टावर पर चढ़ गया।

युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। युवक लगातार ऊपर से चिल्लाता रहा कि जब तक प्रेमिका से बात नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।

बताया जा रहा है कि युवक का प्रेम प्रसंग अपनी मुंहबोली बहन की ननंद से था। पारिवारिक कार्यक्रमों के दौरान दोनों की मुलाकात होती थी और करीब एक साल पहले दोनों के बीच प्यार हो गया। कई बार परिजनों से बात करने के बावजूद जब शादी के लिए सहमति नहीं मिली, तो युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया।

करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक की मांग मानते हुए उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलवाया। प्रेमिका ने सभी के सामने शादी का वादा किया, तब जाकर युवक टावर से नीचे उतरा। नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उसे समझाइश दी और फिर उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post