Jabalpur News: खमरिया आयुध निर्माणी में सड़क पर दिखा मगरमच्छ

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर स्थित आयुध निर्माणी खमरिया में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारियों को सड़क के बीचों-बीच एक मगरमच्छ बैठा दिखाई दिया। यह घटना निर्माणी के द्वार क्रमांक-3 के पास हुई, जिसके चलते कुछ समय के लिए कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित रही।

प्रत्यक्षदर्शी कर्मचारियों के अनुसार, मगरमच्छ सड़क के बीच में बैठा था, जिससे सभी लोग सुरक्षित दूरी पर रुक गए। धीरे-धीरे वहां कर्मचारियों की संख्या बढ़ने लगी, तो मगरमच्छ वहां से हटने लगा और भागने की कोशिश करने लगा।

भागने के दौरान मगरमच्छ पास में लगी लोहे की जाली में फंस गया। काफी देर तक वह बाहर निकलने की कोशिश करता रहा, लेकिन सफल नहीं हो सका। इस दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना रहा।

जानकारी के मुताबिक, निर्माणी परिसर के दोनों ओर बड़े-बड़े तालाब हैं, जिनका उपयोग जल संग्रहण के लिए किया जाता है। बताया जा रहा है कि परियट जलाशय से पाइपलाइन के जरिए आए मगरमच्छ इन तालाबों में पहुंच गए और समय के साथ उनका आकार भी बढ़ गया है। अक्सर ये मगरमच्छ एक तालाब से दूसरे तालाब में जाने के लिए सड़क पार करते देखे जाते हैं।

घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए परिसर में अतिरिक्त इंतजाम करने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post