MP News: इंदौर में DAVV कैंपस बना अखाड़ा, NSUI कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प, बैरिकेड्स पर चढ़े छात्र, 6 गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के आरएनटी परिसर में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस ने एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रजत पटेल सहित 6 पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से प्रशासनिक और शैक्षणिक समस्याएं बनी हुई हैं। उनका कहना है कि रिजल्ट में देरी, कॉपियों के मूल्यांकन में गड़बड़ी और अन्य अनियमितताओं के कारण छात्रों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर छात्र दोपहर 1:40 बजे से 2:30 बजे तक प्रदर्शन करते रहे।

प्रदर्शन के दौरान एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब कुछ छात्र नेता विरोध के बजाय सोशल मीडिया रील बनाने में व्यस्त नजर आए। पुलिस के अनुसार, कई कार्यकर्ता बार-बार बैरिकेड्स लांघने की कोशिश कर रहे थे ताकि कैमरे में बेहतर वीडियो कैप्चर हो सके।

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को माइक पर घोषणा करनी पड़ी कि छात्र शालीनता से ज्ञापन दें और वापस लौट जाएं। पहले से भारी पुलिस बल तैनात होने के बावजूद जब छात्रों ने जबरन कैंपस में प्रवेश करने की कोशिश की, तो हालात बिगड़ गए और झड़प बढ़ गई।

एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को लगातार समझाया गया, लेकिन नहीं मानने पर 6 प्रमुख पदाधिकारियों को एहतियातन गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य को समझाकर छोड़ दिया गया।

गिरफ्तारी के बावजूद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आंदोलन जारी रखने की बात कही है। संगठन का कहना है कि जब तक विश्वविद्यालय अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post