Jabalpur News: तेज रफ्तार का कहर, कार ने युवकों को कुचला, 2 की मौत, 2 घायल; शराबी चालक हिरासत में

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। देर रात दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार कार ने चौराहे पर खड़े युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

यह घटना धनवंतरी चौक की है, जहां रात करीब 12:30 बजे कुछ युवक अपनी बाइक के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गढ़ा की ओर से आ रही तेज रफ्तार सफेद कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार करीब 50 मीटर तक युवकों और उनकी बाइक को घसीटते हुए ले गई और फिर एक दीवार से टकराकर रुकी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर और गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।

जांच में सामने आया कि चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी किशन चौधरी निवासी कठोन्दा को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि कार कउंदा निवासी अरविंद चौधरी के नाम पर पंजीकृत है और वह बुकिंग में गाड़ी चलाता है।

हादसे में मृतक की पहचान गणेश प्रसाद कुमार निवासी अधारताल महाराजपुर के रूप में हुई है, जो अपने बेटे शुभम के साथ शादी समारोह में शामिल होने आया था। सड़क किनारे पानी लेने के दौरान यह हादसा हुआ। शुभम कुमार गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। दूसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

चश्मदीदों ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। कुछ युवक तो भागकर बच गए, लेकिन चार युवक इसकी चपेट में आ गए।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post