Jabalpur News: गुरंदी बाजार में लगी भीषण आग, 4 दुकानों तक फैली लपटें, लाखों का नुकसान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र के गुरंदी बाजार में रविवार सुबह एक कबाड़ की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की 3 से 4 दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया।

रविवार होने के कारण बाजार में सुबह से ही भारी भीड़ थी। जैसे ही दुकान से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग अपनी दुकानों से सामान निकालने में जुट गए, जबकि आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए 6 से 7 दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे रिहायशी इलाके तक फैलने से रोक लिया।

फायरकर्मी राजेश ने बताया कि आग काफी तेजी से फैल रही थी, इसलिए अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

मौके पर मौजूद श्याम सोनकर ने बताया कि रविवार को बाजार में काफी भीड़ रहती है। यदि दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंचते, तो आग और भी विकराल रूप ले सकती थी।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post