दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में बीती रात फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मयूरकला मंदिर के पास खड़े युवकों के बीच विवाद के दौरान एक युवक ने पिस्टल से फायर कर दिया, जिससे एक युवक के हाथ में गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार छोटी ओमती उड़िया मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय लकी यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह प्राइवेट काम करता है। बीती रात करीब 9:15 बजे वह मयूरकला मंदिर के पास अपना स्वीट्स के सामने खड़ा होकर आइसक्रीम खा रहा था। उसी दौरान उसके साथी निखिल कंजा और बाबू सिंधी भी वहां पहुंच गए और आपस में बातचीत करने लगे।
इसी बीच यश थोराट वहां आया और बाबू सिंधी से गाली-गलौज करने लगा। बाबू सिंधी ने विरोध किया और गालियां देने से मना किया। इस पर यश थोराट ने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखी पिस्टल निकालकर फायर कर दिया।
फायरिंग में गोली निखिल कंजा के बाएं हाथ में लगी। गोली लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और बाबू सिंधी व निखिल कंजा मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घमापुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296(ए) और 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
