दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर के एरोड्रम इलाके में कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। 60 फीट रोड पर स्थित एक जिम संचालक पर उसके पड़ोसी ने तलवार से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है।
जानकारी के मुताबिक, जिम संचालक आशु व्यास और उनके पड़ोसी राकेश खंडेलवाल के बीच कार पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर राकेश तलवार लेकर मौके पर पहुंचा और आशु पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान आशु व्यास ने साहस दिखाते हुए हाथ से तलवार रोकने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
बताया जा रहा है कि आरोपी राकेश खंडेलवाल का संबंध भारतीय जनता पार्टी से है और वह एक स्थानीय नेता का रिश्तेदार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत दर्ज न कराने के लिए दबाव भी बनाया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। थाना प्रभारी तरुणेंद्र भाटी के अनुसार, सोमवार देर शाम दोनों पक्षों के बीच थाने में समझौता हो गया, लेकिन तलवार से हमले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अपने स्तर पर जांच जारी रखे हुए है।
Tags
madhya pradesh
.jpeg)