दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना हनुमानताल क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक ई-रिक्शा चालक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीव कुमार जैन (55 वर्ष), निवासी बड़े जैन मंदिर के पीछे हनुमानताल, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ई-रिक्शा चलाता है और उसका अर्जुन सोनी से पुराना विवाद चल रहा है। पूर्व में अर्जुन सोनी द्वारा उसके ऑटो में आग लगाने का मामला भी न्यायालय में विचाराधीन है।
घटना बीती रात लगभग 8 बजे की है, जब संजीव जैन अपना ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए लेकर गोल्डी की दुकान जा रहा था। तभी हरी मजार के पास अर्जुन सोनी मिला और पुराने केस को लेकर उससे 2 हजार रुपये की मांग करने लगा। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और चाकू से हमला कर संजीव जैन के दाहिने गाल पर चोट पहुंचाई। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना पर पुलिस ने आरोपी अर्जुन उर्फ लालू सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 119(1) एवं 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
Tags
jabalpur
