Jabalpur News: ग्वारीघाट में युवक का अपहरण कर मारपीट, पुरानी रंजिश में वारदात

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ जबरन अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

थाना ग्वारीघाट में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, शंकर नगर माढ़ोताल निवासी 24 वर्षीय रिंकू विश्वकर्मा सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे पूजा करने ग्वारीघाट गया था। इसके बाद वह अपने दोस्त विपिन ठाकुर से मिलने के लिए लालकुआ मंदिर के पास ऑटो से उतरा।

इसी दौरान आरोपी राज पटेल और रोहित पटेल मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे।

आरोप है कि दोनों आरोपी रिंकू को जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाकर माण्डवा बस्ती स्थित अपने घर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। रोहित पटेल ने पाइप से हमला कर उसकी पीठ में चोट पहुंचाई।

पीड़ित ने तुरंत अपने दोस्तों चिन्टू विश्वकर्मा और अखिलेश विश्वकर्मा को सूचना दी। जैसे ही दोनों मौके पर पहुंचे, आरोपी वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 296, 118(1), 115(2), 351(2) और 127(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना को गंभीरता से लेते हुए संपत उपाध्याय ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई है।

थाना प्रभारी हरिकिशन आटनेरे के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान स्पष्ट है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post