दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बीती रात लम्हेटा बाइपास पर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें ट्रक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान स्वरुपा झारिया (38) के रूप में हुई है, जो तिलवाराघाट की निवासी थीं। घटना के बाद परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
घटना कैसे हुई
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे कोकिला रिसोर्ट के मालिक अनिल पचौरी स्वरुपा को घर से अपने साथ ले गया। देर रात करीब 11 बजे परिजनों को फोन कर लम्हेटा बाइपास बुलाया गया। मौके पर पहुंचने पर अनिल और उसका बेटा अभय मौजूद थे। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और स्वरुपा को करीब 50 मीटर तक घसीट दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को एम्बुलेंस में लेकर तिलवारा थाना पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने अनिल पचौरी को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया और उसे निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। परिजनों ने इस पूरे मामले में लीपापोती का आरोप लगाया और उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
“ये हादसा नहीं, हत्या है” – बेटी का आरोप
मृतका की बड़ी बेटी खुशी झारिया ने दावा किया कि उसकी मां की मौत सड़क हादसे में नहीं, बल्कि हत्या के कारण हुई है। उसने सवाल उठाया कि अगर ट्रक से टक्कर हुई, तो केवल उसकी मां की ही मौत क्यों हुई, जबकि अनिल पचौरी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। परिवार का आरोप है कि चलती गाड़ी से स्वरुपा को धक्का दिया गया।
पुराना विवाद भी आया सामने
बताया जा रहा है कि स्वरुपा झारिया पिछले दो वर्षों तक अनिल पचौरी के यहां माली का काम करती थीं। करीब छह महीने पहले उन्होंने काम छोड़ दिया था, जिसके बाद से अनिल उन पर दोबारा काम करने का दबाव बना रहा था।
तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनिल पचौरी बाइक से स्वरुपा को ले जा रहा था, तभी हादसा हुआ। मृतका के पति दीपक झारिया की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है, हालांकि अनिल का फोन फिलहाल बंद बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है, वहीं परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
Tags
jabalpur


