Jabalpur News: जबलपुर हॉस्पिटल के सामने स्वास्तिक कॉम्प्लेक्स की पार्किंग में छापा, मीटर बॉक्स में छुपाकर रखी गई अंग्रेजी-देशी शराब बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्तिक कॉम्प्लेक्स की पार्किंग से अवैध अंग्रेजी और देशी शराब का जखीरा बरामद किया है। यह कार्रवाई थाना ओमती क्षेत्र स्थित रसल चौक के पास की गई, जहां मीटर बॉक्स में छुपाकर शराब रखी गई थी।

आबकारी विभाग की टीम ने कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त संजीव कुमार दुबे के मार्गदर्शन में सूचना के आधार पर देर रात पार्किंग परिसर में तलाशी ली। जांच के दौरान जब मीटर बॉक्स का लॉक तोड़ा गया, तो अंदर बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपी मिली। इस कार्रवाई में करीब 1 लाख 45 हजार रुपये की शराब और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया।

मौके से आरोपी चिंटू सोनकर फरार हो गया, जिसके खिलाफ म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1) क एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक रविशंकर मरावी, रूपाली जैन सहित अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे।

जब्त सामग्री में 22 बोतल विदेशी शराब (करीब 16.5 बल्क लीटर) शामिल हैं, जिनमें विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की और वोडका शामिल हैं। इसके अलावा 283 पाव देशी शराब (करीब 67.44 बल्क लीटर) भी बरामद की गई। साथ ही एक बजाज चेतक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post