Jabalpur News: जेल में बंदी ने लगाई फांसी, बाथरूम में मिला शव

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र केंद्रीय जेल में सोमवार सुबह एक बंदी द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना सुबह करीब साढ़े 8:30 बजे की बताई जा रही है, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जेलर मदन कमलेश के अनुसार, बंदी ने जेल के अस्पताल वार्ड नंबर 3 के बाथरूम में गमछे से फांसी लगा ली। सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक, जेलर और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बंदी की मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान गुड्डू उर्फ राजा विश्वकर्मा (58) के रूप में हुई है, जो संजीवनी नगर का निवासी था। वह अगस्त 2024 से जेल में बंद था और प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शुगर का मरीज भी था।

बताया गया है कि उसके खिलाफ संजीवनी नगर थाना में अपराध क्रमांक 273/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था। 16 अगस्त 2024 को कोर्ट से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जेल में दाखिल किया गया था। मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।

घटना की सूचना मजिस्ट्रेट को दे दी गई है और परिजनों को भी जानकारी भेजी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। फिलहाल जेल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post