दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के सामने मैगी-चाय का ठेला लगाने वाली एक युवती पर दो युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़िता जयन्ती यादव निवासी गुप्तानगर मजार के पास गढ़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मेडिकल कॉलेज के सामने मैगी और चाय का ठेला लगाती है। बीती रात लगभग 8:30 बजे वह अपनी सहेली प्रतिभा के साथ स्कूटी से रामायण मंदिर दर्शन के लिए गई थी। उनके साथ लकी ठाकुर और उसकी बहन लक्ष्मी भी दूसरी गाड़ी से गए थे।
रात करीब 9 बजे जब वह रामायण मंदिर के पास अपनी गाड़ी खड़ी कर रही थी, तभी दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। दोनों युवकों ने उससे बातचीत शुरू की और कहा कि वह मेडिकल कॉलेज के सामने मैगी का ठेला लगाती है। इसके बाद दोनों शराब पीने के लिए उससे 500 रुपए मांगने लगे।
जयन्ती द्वारा रुपए देने से इनकार करने पर दोनों युवक बार-बार शराब के लिए रुपए मांगते रहे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर उसके सिर में चोट पहुंचा दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 351(3), 119(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
