Jabalpur News: शातिर 'बंदर' गैंग के तीन चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवरात बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
रेल पुलिस (जीआरपी) ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान पार करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चाँदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत 2,07,700 रुपये आंकी गई है। पकड़े गए आरोपियों में इलाके का निगरानी बदमाश संजय उर्फ संजू मेश्राम (मराठा) उर्फ बंदर, नीतेश विश्वकर्मा और राजकुमार अहिरवार शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक रेल सिमाला प्रसाद के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल भावना मरावी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यह सफलता मिली है। थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में गठित टीम को 27 अप्रैल को सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी संजय मराठा चोरी का माल बेचने की फिराक में प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पास झाड़ियों में छिपा है। घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया, जिसके बाद कड़ी पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 18 अप्रैल को ट्रेन यात्रा के दौरान एक यात्री का सामान चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर सोने का मंगलसूत्र, 12 नग सोने के गुरिया, सोने के टॉप्स, चाँदी की बिछिया और बच्चों के कपड़े व दवाइयां जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व से ही जीआरपी थाने के शातिर अपराधी रहे हैं और उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य बंगाली उर्फ जयदेव दास फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post