दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को एक सड़क हादसे में यातायात प्रभावित हो गया। बाईपास मार्ग पर सेमरखापा चौराहे के पास जबलपुर से रायपुर की ओर जा रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े हाइवा से टकरा गया।
टक्कर में डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि डंपर का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में डंपर चालक और परिचालक को मामूली चोटें आई हैं।
कुछ देर तक प्रभावित रहा यातायात
घटना के बाद नेशनल हाईवे-30 पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारु कराया। इसके बाद हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका।
वाहन पर नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
