MP News: MIC सदस्य को मिली जान से मारने की धमकी, फटे पोस्टर से निकली धमकी भरी चिट्ठी; जांच में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर में वार्ड 64 के पार्षद और MIC सदस्य मनीष शर्मा उर्फ मामा को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना रविवार दोपहर की है, जब उन्हें तीन इमली चौराहे पर लगे उनके पोस्टर फटे होने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही मनीष शर्मा मौके पर पहुंचे। वहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी को पोस्टर फाड़ने वाले के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जब उन्होंने फटा पोस्टर देखा, तो उसमें से एक धमकी भरी चिट्ठी निकली।

चिट्ठी में अभद्र भाषा और जान से मारने की धमकी

पार्षद के मुताबिक चिट्ठी में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। साथ ही एक विशेष वर्ग का उल्लेख करते हुए चावल और वाइन शॉप को लेकर भी धमकी दी गई थी। चिट्ठी में उन्हें जान से मारने की बात लिखी गई थी।

शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे ACP


धमकी मिलने के बाद मनीष शर्मा भंवरकुआं थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही ACP विजय चौधरी भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पार्षद ने उन्हें पूरी जानकारी दी, जिसके बाद ACP उनके साथ दोबारा तीन इमली चौराहे पहुंचे और जांच की।

पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और धमकी देने वाले की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

मनीष शर्मा ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर उन्हें क्यों निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन वे अपने काम से पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने कहा कि शहर में जो भी गलत काम होगा, उसे वे उजागर करते रहेंगे और कार्रवाई भी करेंगे। पार्षद ने साफ कहा कि वे किसी से डरने वाले नहीं हैं और पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करेगी।

“धमकी देने वाले बाज आएं, मैं काम करता रहूंगा”


पार्षद ने चेतावनी देते हुए कहा कि धमकी देने वाले लोग अपनी हरकतों से बाज आएं। उन्होंने कहा कि वे निडर होकर जनता के लिए काम करते रहेंगे और किसी दबाव में नहीं आने वाले।

Post a Comment

Previous Post Next Post