दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार रात व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर 4 अप्रैल की रात 9 बजे से 5 अप्रैल की रात 2 बजे तक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने वर्षों से फरार चल रहे आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 354 वारंट तामील किए। कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर और देहात के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान 172 गैर-जमानती वारंट, 107 गिरफ्तारी वारंट और 75 जमानती वारंट तामील किए गए।
पुलिस के अनुसार अधिकांश आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और लगातार कानून से बचने का प्रयास कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
थाना प्रभारियों के नेतृत्व में बनाई गईं टीमें
अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा सहित सभी एसडीओपी, नगर पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
प्रत्येक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कई टीमें बनाकर जिलेभर में छापेमारी की गई।
देर रात संदिग्धों और वाहनों की जांच
कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी चेकिंग की गई। देर रात घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई।
Tags
jabalpur


