दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में टहलने निकली एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चैन झपट ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार श्रीमती रजनी चौरसिया उम्र 65 वर्ष निवासी अग्रवाल कॉलोनी मदनमहल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह रोजाना शाम के समय अपनी देवरानी चंद्रवती चौरसिया के साथ इंदिरा पार्क टहलने जाती हैं। बीती शाम करीब 6:20 बजे वह अपनी देवरानी के साथ इंदिरा पार्क की ओर जा रही थीं। जब वे इंदिरा पार्क मोड़ के पास पहुंचीं, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए।
बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले में पहनी सोने की चैन खींच ली, जिसमें सोने का लॉकेट भी लगा हुआ था। घटना के बाद दोनों युवक इंदिरा पार्क की ओर भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि मोटरसाइकिल चला रहा युवक फिरोजी रंग की शर्ट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठा युवक दुबला-पतला और लंबा था तथा उसने नेवी ब्लू रंग के कपड़े पहन रखे थे। मदनमहल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 309(4) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
