दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र में एक युवक से मारपीट कर मोबाइल और नगदी से भरा पर्स लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित दिलीप यादव (21 वर्ष), निवासी ग्राम गुंदरई ग्वारा, जिला मंडला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मजदूरी के लिए जबलपुर आया हुआ था। शाम करीब 7:30 बजे वह दीनदयाल बस स्टैंड से अपने गांव लौटने के लिए निकला था।
इसी दौरान उसे एक स्कूटी पर सवार दो युवक मिले, जिन्होंने रांझी तक छोड़ने की बात कही। भरोसा कर वह स्कूटी पर बैठ गया। रांझी मेन रोड स्थित शराब दुकान के पास स्कूटी रोककर जैसे ही वह उतरा, एक आरोपी ने उसका मोबाइल छीन लिया और दूसरा उसका पर्स लेकर भाग गया।
पर्स में करीब 1500 रुपये नकद रखे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट भी की और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि स्कूटी का नंबर वह नहीं देख पाया, जबकि एक आरोपी सफेद शर्ट पहने था और स्कूटी चालक ने सिर पर गमछा बांध रखा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
