CBSE 12वीं का रिजल्ट जारी, 85.20% छात्र हुए पास : पिछले साल की तुलना में 3% कम रहा रिजल्ट, लड़कियों ने फिर मारी बाजी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस वर्ष कुल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार रिजल्ट लगभग 3 प्रतिशत कम रहा है। छात्र अपना रिजल्ट CBSE की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिलॉकर, उमंग ऐप के जरिए देख सकते हैं।

इस बार 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 तक परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के तहत कराई थी।

94 हजार से ज्यादा छात्रों ने हासिल किए 90% से अधिक अंक

CBSE के अनुसार इस वर्ष 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जबकि 17,113 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। बोर्ड ने इस बार भी मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है और किसी भी छात्र को टॉपर घोषित नहीं किया जाएगा। CBSE ने स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि किसी छात्र को स्कूल, जिले या राज्य का टॉपर घोषित न किया जाए।

लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर

इस बार भी लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86% रहा, जबकि लड़कों का रिजल्ट 82.23% दर्ज किया गया। इस तरह लड़कियां लड़कों से 6.73 प्रतिशत आगे रहीं।

वहीं ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा है।

त्रिवेंद्रम रीजन सबसे आगे, प्रयागराज सबसे पीछे

देशभर में त्रिवेंद्रम रीजन का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां 95.62 प्रतिशत छात्र पास हुए। दूसरी ओर प्रयागराज रीजन 72.43 प्रतिशत रिजल्ट के साथ सबसे नीचे रहा। पिछले वर्ष भी यही स्थिति रही थी।

ऐसे चेक करें रिजल्ट

छात्र अपना रिजल्ट इन वेबसाइट्स और ऐप्स पर जाकर देख सकते हैं—

CBSE Official Website

CBSE Results Portal

DigiLocker

UMANG Portal

SMS से ऐसे पाएं रिजल्ट

यदि इंटरनेट उपलब्ध न हो या वेबसाइट सर्वर डाउन हो जाए तो छात्र SMS के जरिए भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

मोबाइल के मैसेज बॉक्स में जाएं

टाइप करें: CBSE12 <रोल नंबर>

इसे 7738299899 पर भेज दें

कुछ ही सेकंड में रिजल्ट मोबाइल पर प्राप्त हो जाएगा

डिजिलॉकर से ऐसे डाउनलोड करें मार्कशीट

डिजिलॉकर ऐप डाउनलोड करें या वेबसाइट खोलें

मोबाइल नंबर या आधार से लॉगिन करें

“Education” सेक्शन में जाकर CBSE चुनें

“Class XII Marksheet 2026” पर क्लिक करें

रोल नंबर और जरूरी जानकारी दर्ज करें

“Get Document” पर क्लिक करते ही डिजिटल मार्कशीट स्क्रीन पर आ जाएगी

APAAR ID नहीं होने पर क्या करें

जिन छात्रों की APAAR ID CBSE से लिंक है, उनकी मार्कशीट डिजिलॉकर के “Issued Documents” सेक्शन में स्वतः दिखाई देगी। जिन छात्रों के पास APAAR ID नहीं है, उन्हें पहले अकाउंट बनाना होगा।

हर विषय में 33% अंक जरूरी

CBSE 12वीं परीक्षा पास करने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। एक विषय में फेल होने वाले छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका मिलेगा, जबकि दो या उससे अधिक विषयों में असफल होने पर छात्र को दोबारा 12वीं कक्षा में शामिल होना पड़ेगा।

फेल छात्रों को मिलेगा दूसरा मौका

जो छात्र एक या अधिक विषयों में पास नहीं हो सके हैं, उनके लिए बोर्ड जल्द ही कंपार्टमेंट परीक्षा का शेड्यूल जारी करेगा। इससे छात्रों को अपना साल बचाने और अंक सुधारने का अवसर मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post