दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) राजगढ़। राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात एक पेट्रोल पंप पर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 12 लोग झुलस गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। घटना रात करीब 8:30 बजे चुन्नीलाल मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम पंप पर हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बाइक में पेट्रोल डालते समय अचानक स्पार्क हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ा डीजल से भरा टैंकर भी इसकी चपेट में आ गया। हादसे के दौरान 5 जोरदार धमाके होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
आग लगते ही मची भगदड़, जान बचाने भागे लोग
घटना के समय पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। एक ओर ट्रैक्टर और केनों में डीजल भरा जा रहा था, जबकि दूसरी ओर बाइक में पेट्रोल डाला जा रहा था। इसी दौरान इंदौर से आया डीजल टैंकर भी खाली किया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शी रमेश ने बताया कि एक युवक गर्म हालत में बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने पहुंचा। जैसे ही बाइक का ढक्कन खोला गया और नोजल टैंक में लगाया गया, अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
कई लोग झुलसे, एक की हालत गंभीर
हादसे में घायल 2 महिलाओं और एक पुरुष को इलाज के लिए शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में बलराम नामक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इंदौर रेफर किया गया। वहीं घायल महिलाओं की पहचान लतीफा बी और सलोनी के रूप में हुई है।
एसडीएम रोहित बमोरे के अनुसार, 12 घायलों में से 3 का इलाज पचोर के शासकीय अस्पताल में चल रहा है। 3 घायलों को निजी नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 5 लोगों को शाजापुर रेफर किया गया।
100 लीटर फायर फोम से बुझी आग
घटना की सूचना मिलने के करीब 15 मिनट बाद पचोर नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी दीपक रानवे करीब 100 लीटर फायर फोम लेकर मौके पर पहुंचे। फायर फोम के छिड़काव के बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के बाद पेट्रोल पंप परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।
