दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। Indore में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सास द्वारा जींस पहनने पर डांट लगाए जाने के बाद 22 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की है। मृतका के मायके पक्ष ने पति और सास पर दहेज प्रताड़ना तथा मानसिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान गौरी (22) पत्नी राहुल के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर घर में मौजूद उनकी छोटी बेटी रो रही थी। इसी दौरान पति राहुल ने पत्नी गौरी को आवाज लगाई, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। जब वह कमरे में पहुंचा तो गौरी फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।
पहली बार ससुराल में पहनी थी जींस, इसी बात पर हुआ विवाद
परिवार के लोगों के अनुसार, गौरी ने पहली बार ससुराल में जींस पहनी थी। इसी बात को लेकर उसकी सास शारदा नाराज हो गईं और बहू को डांटने लगीं। मृतका की बहन पूजा ने बताया कि उनकी चचेरी बहन किरण भी उस समय घर पर मौजूद थी, जो पिछले एक महीने से गौरी के साथ रह रही थी।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान सास ने बेटे राहुल को भी खरी-खोटी सुनाई। इस घटना के बाद गौरी मानसिक रूप से काफी आहत हो गई और अपने कमरे में चली गई। उस समय पति राहुल मोबाइल चला रहा था, जबकि उनकी छोटी बेटी हॉल में खेल रही थी। कुछ देर बाद गौरी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
मायके पक्ष का आरोप- दहेज को लेकर किया जाता था प्रताड़ित
मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही गौरी को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि पति राहुल और सास शारदा अक्सर उसे ताने मारते थे। साथ ही घर में आर्थिक तंगी और बेरोजगारी को लेकर भी विवाद होते रहते थे।
परिजनों का आरोप है कि शादी तय करते समय राहुल के परिवार ने बताया था कि वह मेडिकल लाइन में नौकरी करता है, लेकिन शादी के बाद पता चला कि वह बेरोजगार है। इसी वजह से घर में तनाव लगातार बढ़ता गया।
मजदूर परिवार से थी गौरी
जानकारी के मुताबिक, गौरी मजदूर परिवार से थी। उसके माता-पिता मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। गौरी की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। परिवार में उसकी दो बड़ी बहनें और एक छोटा भाई है। बेटी की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
जांच में जुटी पुलिस
Dwarkapuri Police Station ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मायके और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
