MP News: ग्वालियर में युवक की बेरहमी से हत्या, 20 सेकंड में 25 वार; लोहे की रॉड-लाठियों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। ग्वालियर में पुरानी रंजिश के चलते 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। 8 से 10 हमलावरों ने युवक पर लोहे की रॉड और लाठियों से हमला किया। वारदात का VIDEO भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक को जमीन पर गिरने के बाद भी लगातार पीटते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 7 आरोपी अब भी फरार हैं।

मृतक की पहचान कालू सेन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से टीकमगढ़ का रहने वाला था और हरियाणा के फरीदाबाद स्थित एक अस्पताल में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि वह पहले ग्वालियर के थाटीपुर क्षेत्र स्थित श्रीनगर कॉलोनी में रहता था।

तीन महीने से चल रही थी रंजिश

जानकारी के मुताबिक, कालू सेन के भाई संदीप का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी लगातार धमकियां दे रहे थे। इसी वजह से कालू ग्वालियर छोड़कर फरीदाबाद चला गया था।

शुक्रवार शाम वह किसी काम से वापस श्रीनगर कॉलोनी आया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे घेर लिया और लोहे की रॉड व लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर तब तक मारते रहे, जब तक कालू बेसुध होकर जमीन पर नहीं गिर गया।

VIDEO में कैद हुई हैवानियत

सामने आए VIDEO में साफ दिखाई दे रहा है कि कई युवक मिलकर कालू सेन पर हमला कर रहे हैं। करीब 20 सेकंड के भीतर उस पर 25 से ज्यादा वार किए गए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और कुछ लोग VIDEO बनाते नजर आए।

गंभीर हालत में घायल कालू को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।

शव रखकर परिजनों ने किया चक्काजाम

मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। रविवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले से धमकियां दे रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की।

प्रदर्शन के दौरान इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 7 की तलाश जारी

पुलिस ने हत्या के मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में मुख्य आरोपी प्रिंस गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसने हत्या की साजिश रचने और हमले में अहम भूमिका निभाई थी।

पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी शहर से भागने की फिराक में था और सुनसान इलाकों में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

फिलहाल पुलिस महाकाल उर्फ मृत्युंजय जाटव, राजा जाटव, लल्ला चौहान, अनिकेत चौरसिया, प्रदीप मौर्य, कृष्णा और निखिल की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post