Jabalpur News: वाहन चोर गिरफ्तार, गढ़ा फाटक और ओमती क्षेत्र में की थी चोरी, लार्डगंज पुलिस को मिली सफलता

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना लार्डगंज पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई 2 दुपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम गौरव उर्फ राज है, जो गोहलपुर थाना क्षेत्र के बधायां मोहल्ला हरिजन बस्ती का निवासी बताया गया है।

थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि रानीताल क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक एक्सिस वाहन से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, जिस पर संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और गढ़ा फाटक के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम गौरव उर्फ राज बताया।

जब पुलिस ने एक्सिस वाहन के दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह के आधार पर उसे थाना लाकर सघन पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने करीब 17-18 दिन पहले गढ़ा फाटक क्षेत्र से एक्सिस स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही करीब ढाई माह पहले ओमती थाना क्षेत्र स्थित कार्तिक होटल के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूली।

पुलिस जांच में लार्डगंज थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 316/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत एक्सिस चोरी की रिपोर्ट दर्ज होना पाया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक्सिस क्रमांक MP 21 MM 6488 जब्त की गई। वहीं आरोपी की निशानदेही पर ओमती क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल क्रमांक MP 20 NE 4397 भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 35(1)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

वाहन चोर की गिरफ्तारी और चोरी के वाहन बरामद करने की कार्रवाई में उप निरीक्षक आर.एस. एलाड़ी, आरक्षक कुंदन और आदर्श की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post