MP News: रेप आरोपी की दूसरी शादी की खबर से बिफरी पीड़िता, SP ऑफिस में चाकू निकालकर काटने लगी गला

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। ग्वालियर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रेप पीड़िता एक युवती ने एसपी कार्यालय में खुद का गला काटने के लिए चाकू निकाल लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसके हाथ से चाकू छीन लिया और बड़ा हादसा टाल दिया। घटना के बाद पूरे एसपी ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि युवती उस युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर एसपी ऑफिस पहुंची थी, जिसने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर है और दूसरी युवती से शादी करने की तैयारी कर रहा है। इसी बात से परेशान होकर पीड़िता ने हंगामा किया।

शादी का वादा कर बनाए संबंध, फिर बनाया दूरी

पीड़िता का आरोप है कि दतिया जिले के भांडेर निवासी कुलभूषण राहुल नामक युवक के साथ उसका प्रेम संबंध था। युवक ने उससे शादी का वादा किया था। इसी भरोसे पर दोनों के बीच लंबे समय तक संबंध रहे। युवती का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया।

जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी उससे दूरी बनाने लगा। इसके बाद युवती ने अप्रैल 2026 में ग्वालियर के झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोपी जेल गया, फिर जमानत पर छूटा

पीड़िता के अनुसार 20 मई 2024 से 4 अप्रैल 2026 तक आरोपी ने उसका शोषण किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन कुछ समय बाद उसे जमानत मिल गई।

अब आरोपी दूसरी शादी करने जा रहा है, जिसे रुकवाने और सख्त कार्रवाई की मांग लेकर युवती एसपी ऑफिस पहुंची थी।

बातचीत के दौरान निकाला चाकू

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अधिकारियों से बातचीत करते समय युवती अचानक भावुक हो गई और अपने पास रखा चाकू निकाल लिया। उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और चाकू छीन लिया।

इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने युवती को अलग कमरे में ले जाकर समझाइश दी और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही युवती

जानकारी के मुताबिक, युवती मध्यप्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही है और लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post