सांसद प्रतिनिधि लिखी स्कॉर्पियो का कहर: खड़े वाहन को मारी टक्कर, युवक की मौत, 2 गंभीर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) छतरपुर। जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र स्थित फोरलेन सड़क पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। “सांसद प्रतिनिधि” लिखी काले रंग की स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े एक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो बकरियों की भी मौत हुई है और कई अन्य बकरियां घायल बताई जा रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो का नंबर एमपी 16 ZE 4411 है। लोगों का आरोप है कि वाहन एक नाबालिग चला रहा था, जो कांटी गांव निवासी प्रताप दाऊ प्रताप सिंह का बेटा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार कैंडी गांव से बकरियां लेकर एक वाहन महोबा की ओर जा रहा था। वाहन में मोहम्मद सलमान, मोहम्मद शाहबाज, सूबे खटीक और दद्दू खटीक सवार थे। रास्ते में सलमान ने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा।

हादसे में शाहबाज अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूबे खटीक और दद्दू खटीक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सलमान सुरक्षित बच गया।

सलमान ने बताया कि हादसे के बाद वह अपने साथियों को बचाने में जुट गया, इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार लोग दूसरी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

एसआई दीपक यादव ने बताया कि “सांसद प्रतिनिधि” लिखी स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है। वाहन किसका है और हादसे के समय उसे कौन चला रहा था, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल चालक और अन्य सवार फरार हैं।

वहीं सूत्रों के अनुसार क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार का फिलहाल कोई अधिकृत सांसद प्रतिनिधि नहीं है। ऐसे में वाहन पर “सांसद प्रतिनिधि” लिखे होने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है और कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post