दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र स्थित रामसागर तालाब में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नहाने गए दो युवक डूब गए। मंगलवार सुबह रेस्क्यू टीम ने एक युवक का शव बरामद कर लिया, जबकि दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
नहाने गए थे तीन दोस्त
जानकारी के मुताबिक गोसलपुर की झुग्गी बस्ती में रहने वाले इरावत, अर्जुन और करण सोमवार शाम रामसागर तालाब में नहाने पहुंचे थे। काफी देर तक नहाने के दौरान अचानक 19 वर्षीय इरावत का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
दोस्त को बचाने उतरा अर्जुन भी डूबा
इरावत को डूबता देख 21 वर्षीय अर्जुन उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गया, लेकिन वह भी गहरे पानी और झाड़ियों में फंस गया। देखते ही देखते दोनों युवक पानी में समा गए।
तीसरे युवक ने परिजनों को दी सूचना
घटना के दौरान साथ मौजूद करण घबराकर दौड़ते हुए बस्ती पहुंचा और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन तालाब पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रात तक दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
सुबह फिर शुरू हुआ रेस्क्यू
मंगलवार सुबह गोताखोरों और प्रशासन की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह करीब 10 बजे अर्जुन का शव तालाब के बीच झाड़ियों में फंसा मिला। वहीं इरावत की तलाश अब भी जारी है।
प्रशासन और विधायक पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही सिहोरा तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजम, नायब तहसीलदार जयभान सिंह उइके और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने भी घटनास्थल पहुंचकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और पीड़ित परिवार को सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
तालाब की झाड़ियां बनीं हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामसागर तालाब में गहरी चोई और झाड़ियां होने के कारण यहां नहाना खतरनाक माना जाता है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवक झाड़ियों में फंसने के कारण बाहर नहीं निकल सके और हादसे का शिकार हो गए।
