Jabalpur News: साथ उठना-बैठना बंद किया तो भड़का पुराना दोस्त, युवक पर धारदार हथियार से हमला कर किया घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र अंतर्गत मदार टेकरी क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कभी साथ रहने वाले दो दोस्तों के बीच आई दूरियां इस कदर बढ़ीं कि आरोपी ने सरेराह युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चारखम्बा छोटी मदार टेकरी निवासी शहबाज अंसारी (27 वर्ष), जो अलमारी और गोदरेज बनाने का कार्य करता है, ने शिकायत दर्ज कराई है। शहबाज मंगलवार की रात करीब 12:05 बजे अपने दोस्त शाहरूख अंसारी और अरमान के साथ बड़ी मदार टेकरी स्थित मदार गेट के सामने बैठा था। उसी समय वहां सिंधी कैम्प निवासी आमिर पहुंचा। 

शहबाज ने बताया कि पहले उसका आमिर के साथ उठना-बैठना था, लेकिन कुछ समय से उसने आमिर से दूरी बना ली थी। इसी बात से आमिर नाराज चल रहा था। शहबाज को वहां बैठा देख आमिर भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। जब शहबाज ने उसे गालियां देने से मना किया, तो आमिर ने पास रखी किसी नुकीली और धारदार वस्तु से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में शहबाज के दाहिने हाथ की कलाई और पहली अंगुली में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी आमिर ने चिल्लाते हुए धमकी दी कि "अगर दोबारा यहाँ दिखाई दिए, तो जान से खत्म कर दूँगा।" लहूलुहान अवस्था में थाने पहुंचे पीड़ित की शिकायत पर हनुमानताल पुलिस ने आरोपी आमिर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post