Jabalpur News: होटल के कमरा नंबर-9 में मिली थी महिला की लाश, दुर्गा बाल्मिक के रूप में हुई पहचान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजीवनी नगर क्षेत्र स्थित होटल रिलेक्श-इन के कमरा नंबर-9 में मिली महिला की लाश की पहचान भेड़ाघाट निवासी दुर्गा बाल्मिक के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि मामले में जम्मन बंसल नाम के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक दुर्गा 6 मई की शाम अपने घर से निकली थी। रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 8 मई की दोपहर होटल के कमरे में उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई।

परिजनों ने बताया कि दुर्गा भेड़ाघाट के पास एक होटल में साफ-सफाई का काम करती थी। वहीं पास की दूसरी होटल में जम्मन बंसल भी काम करता था। दोनों के बीच दोस्ती थी, जिसे लेकर जम्मन की पत्नी को आपत्ति थी। इस बात को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था।

मृतका की बहन सोनम कोष्ठा ने आरोप लगाया है कि जम्मन ने प्लान के तहत दुर्गा को होटल बुलाया और उसकी हत्या कर दी। सोनम के मुताबिक, घटना वाले दिन दुर्गा अपनी मां से मिलने धनवंतरी नगर आई थी। मां ने उसे पेंशन के 10 हजार रुपए दिए थे, जो अब गायब बताए जा रहे हैं।

परिवार ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं डीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस संदिग्ध युवक जम्मन बंसल से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post