Jabalpur News: महिला की हत्या से आक्रोशित महिलाओं ने लाश लेकर थाने का किया घेराव, आरोपी हिरासत में

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर क्षेत्र में घरेलू कामगार महिला की हत्या के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हो गया। आक्रोशित क्षेत्रीय महिलाएं और मृतका के परिजन महिला का शव लेकर घमापुर थाना पहुंच गए और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। 

परिजनों और स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि मृतका आरती चौधरी (38) को खाने का लालच देकर बुलाया गया था। वहां उसके साथ चार-पांच लोगों ने मारपीट की और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। 

पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद परिजन शांत हुए। घमापुर थाना प्रभारी ने बताया कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। जिस घर में वारदात हुई, उसके मालिक अतुल कोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 बजे घमापुर क्षेत्र स्थित अतुल कोरी के घर में आरती चौधरी का शव मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि अतुल अपनी मां के साथ रहता था, लेकिन उसकी मां दो दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने बाहर गई हुई थी। आरती रोजाना की तरह काम करने अतुल के घर पहुंची थी।

आशंका जताई जा रही है कि घर में अकेला होने का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई। 

Post a Comment

Previous Post Next Post