दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शनिवार रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई वर्षों से फरार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 223 वारंट तामील किए, वहीं अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 22 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा 13 जून की रात 9 बजे से 14 जून की रात 2 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, जितेन्द्र सिंह, पल्लवी शुक्ला, सूर्यकांत शर्मा, अंजना तिवारी और अखिलेश तिवारी सहित समस्त नगर पुलिस अधीक्षकों, एसडीओपी और थाना प्रभारियों के मार्गदर्शन में किया गया।
कॉम्बिंग गश्त के लिए जिलेभर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। प्रत्येक टीम को वारंटियों, फरार आरोपियों और अपराधियों की तलाश के लिए विशेष क्षेत्रों में भेजा गया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अभियान के दौरान 113 गैर-मियादी वारंट, 74 गिरफ्तारी वारंट और 36 जमानती वारंट तामील किए गए। इस तरह कुल 223 वारंटों की तामील कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। इनमें कई ऐसे आरोपी शामिल हैं जो वर्षों से पुलिस और न्यायालय की कार्रवाई से बचते फिर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
वहीं अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 19 लीटर कच्ची शराब, 1427 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 33 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की। देर रात सड़कों पर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुसाफिरखाना और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी लेकर उनकी गतिविधियों की जांच की गई।
Tags
jabalpur
.jpeg)

.jpeg)