Jabalpur News: जिला न्यायालय में चाकू लेकर घूम रहा था युवक, आरक्षक ने दबोचकर ओमती पुलिस को सौंपा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिला न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बुधवार को कोर्ट परिसर के भीतर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक खुलेआम धारदार चाकू लेकर घूमता पाया गया। हालांकि, कोर्ट परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ओम उपाध्याय ने गेट पर सुरक्षा जांच के दौरान आरोपी युवक को रंगे हाथों घातक चाकू के साथ दबोच लिया और तुरंत थाना ओमती पुलिस के हवाले कर दिया।

2 महीने में 9 'हथियारबंद' पकड़े

अदालत परिसर में आए दिन होने वाली इस तरह की घटनाओं के बीच आरक्षक ओम उपाध्याय सुरक्षा की मजबूत दीवार बनकर उभरे हैं। कोर्ट के एंट्री गेट पर पैनी नजर रखने वाले आरक्षक ओम उपाध्याय पिछले महज दो महीनों के भीतर 9 ऐसे संदिग्ध लोगों को चाकू जैसे घातक हथियारों के साथ रंगे हाथों पकड़ चुके हैं, जो किसी न किसी नीयत से कोर्ट के भीतर घुसने की कोशिश कर रहे थे। इन सभी को पकड़कर ओमती पुलिस के सुपुर्द किया जा चुका है।

16 मार्च को हुए बम धमाके से दहल चुकी है अदालत

बता दें कि जिला अदालत परिसर में हाल ही में 16 मार्च 2026 को एक बेहद संवेदनशील वारदात सामने आई थी। तब कोर्ट नंबर-2 और सीजीएम (CJM) चैंबर के पास अचानक एक के बाद एक धमाके हुए थे। जांच में मौके से बम के अवशेष और माचिस बरामद हुई थी। इस घटना से वकीलों, कर्मचारियों और पक्षकारों के बीच दहशत फैल गई थी। इस गंभीर चूक के बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भी जिला कोर्ट की सुरक्षा को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए गहरी चिंता व्यक्त की थी।

वकील पर भी हो चुका है जानलेवा हमला

सुरक्षा में सेंधमारी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले इसी परिसर में एक वकील ने दूसरे वकील पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था, जिसमें पीड़ित वकील की गर्दन पर गंभीर चोट आई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post