दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर सिहोरा तहसील मुख्यालय में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपनी मांगों को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि उसके परिजनों ने एक स्थानीय व्यवसायी के साथ मिलकर उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है और लगातार शिकायतों के बाद भी पुलिस व प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
घटना सिहोरा नगर के वार्ड क्रमांक-3 की है। सुबह अचानक एक महिला को मोबाइल टावर की ऊंचाई पर देख स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सिहोरा थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और निष्पक्ष कार्रवाई का ठोस आश्वासन मिलने के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतरने को तैयार हुई।
बड़े पिता के बेटों और स्थानीय व्यवसायी पर धोखाधड़ी का आरोप
टावर से उतरने के बाद महिला ने अपनी आपबीती पुलिस को बताई। महिला की पहचान सोनम मल्लाह (पति किशन मल्लाह) के रूप में हुई है। सोनम का गंभीर आरोप है कि उसके बड़े पिता के बेटों, संतोष मल्लाह और गोपाल मल्लाह ने स्थानीय व्यवसायी किशन जनवानी के साथ सांठगांठ कर उसकी पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि "मैंने इस धोखाधड़ी के खिलाफ तहसील कार्यालय, सिहोरा थाना और जबलपुर वन विभाग के अधिकारियों तक को लिखित दस्तावेज सौंपे, लेकिन महीनों चक्कर काटने के बाद भी कहीं सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर मुझे यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।"
पुलिस ने जांच शुरू की, संबंधित पक्षों को थमाया नोटिस
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सिहोरा पुलिस और स्थानीय प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। हालांकि, जमीन संबंधी इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
Tags
jabalpur

