Jabalpur News: महाकौशल एक्सप्रेस के एसी कोच में शराबियों का उत्पात, यात्रियों से की अभद्रता

Ai Image
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली महाकौशल एक्सप्रेस के एसी-2 कोच में दो शराब के नशे में धुत यात्रियों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। दोनों ने सहयात्रियों के साथ कथित तौर पर अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी दी, जिससे कोच में सफर कर रहे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन जब कटनी से सतना के बीच थी, तब दोनों यात्रियों के हंगामे से परेशान होकर एक महिला यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से शिकायत की। शिकायत मिलने पर सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन यात्रियों का आरोप है कि मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

यात्रियों का कहना है कि सुरक्षा कर्मियों के लौटने के बाद दोनों और अधिक आक्रामक हो गए तथा शिकायत करने वालों को धमकाने लगे। इससे पूरे सफर के दौरान कोच में भय का माहौल बना रहा।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि यदि आरोपियों पर तत्काल जुर्माना लगाया जाता या उन्हें अगले स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाती, तो स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सकता था।

इधर, जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, रेलवे की ओर से यह भी कहा गया कि आरपीएफ ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित यात्रियों पर जुर्माना लगाया और उनकी सीट बदल दी थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post