Jabalpur News: राठी कॉलोनी में सांड के हमले से बुजुर्ग का सिर फटा, कोर्ट के आदेश को ठेंगा दिखा रही हांका गैंग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हांका गैंग की घोर लापरवाही व निष्क्रियता के कारण शहर की जनता लगातार आवारा पशुओं के खूनी आतंक का शिकार हो रही है। ताजा मामला महात्मा गांधी वार्ड के राठी कॉलोनी का है, जहां एक हिंसक आवारा सांड ने 72 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। सांड ने बुजुर्ग को करीब 15 फीट ऊपर हवा में उछाला और सड़क पर पटक दिया। उन्हें गंभीर अवस्था में एक निजी अस्पताल के आईसीसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी सर्जरी की जा रही है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राठी कॉलोनी (महात्मा गांधी वार्ड) निवासी 72 वर्षीय संतोष कुमार यादव अपने घर के समीप मौजूद थे। इसी दौरान गली में घूम रहे एक बेकाबू सांड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सांड ने बुजुर्ग यादव को इतनी बेरहमी से उठाकर पटका कि उनका सिर फट गया और कंधे की हड्डी समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। लहूलुहान अवस्था में परिजनों और स्थानीय निवासियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने हांका गैंग पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि माननीय उच्च न्यायालय के सख्त आदेशों की अवहेलना करते हुए शहर की करीब 10 से 15 प्रतिशत गाय, भैंस और डेयरियां आज भी शहर के बीचों-बीच स्थित महात्मा गांधी वार्ड में धड़ल्ले से संचालित हो रही हैं। विडंबना यह है कि आवारा पशुओं को पकड़ने की जिम्मेदारी जिस हांका गैंग के पास है, उनके खुद के सगे-संबंधी और रिश्तेदार ही इस क्षेत्र के सबसे बड़े पशुपालक हैं। यही वजह है कि हांका गैंग के आने से पहले ही पशुपालकों को सूचना मिल जाती है और वे अपने मवेशियों को अंदर बांध लेते हैं। गैंग की यह कार्रवाई सिर्फ कागजों और दिखावे तक सीमित रह गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post