MP News: जिला अदालत परिसर में चाकूबाजी करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सिवनी। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में पुरानी रंजिश के चलते चाकू और पत्थरों से हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो धारदार चाकू भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 जून की दोपहर न्यायालय परिसर में देव उर्फ देबू सनकत, अमन झंझोटे, अंकित बैन और उनके दो नाबालिग साथियों ने योगेश उर्फ काली जसोरिया पर हमला कर दिया। आरोप है कि अमन झंझोटे ने योगेश के सिर पर चाकू से वार किया, जिससे उसके बाल कट गए। इसके बाद आरोपियों ने योगेश और उसके साथियों नयन बघेल तथा राहुल कश्यप पर पत्थरबाजी भी की। हमले से बचने के लिए पीड़ित पक्ष को न्यायालय के कक्षों में शरण लेनी पड़ी।

घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देव उर्फ देबू सनकत (25), अमन झंझोटे (32) और अंकित बैन (23) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। वहीं, दो नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। 18 जून 2025 को हुए एक विवाद में जातिसूचक गालियां देने और मारपीट के बाद चाकू और लाठियां चलने की घटना हुई थी, जिसमें एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इसके अलावा 23 मार्च 2026 को शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में वासू सनकत और अन्य लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना वाले दिन आरोपी वासू सनकत की जमानत के सिलसिले में न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आए और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post