दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों द्वारा "काफिर" कहे जाने का जिक्र करते हुए तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई उन्हें काफिर मानता है, तो उसे उनकी बनाई सड़कों पर नहीं चलना चाहिए और सरकार की योजनाओं का लाभ भी नहीं लेना चाहिए।
दो दिवसीय विकास कार्यक्रम के दूसरे दिन विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने कहा, "यहां हिंदू भाई भी रहते हैं और मुस्लिम भाई भी रहते हैं। कई मुस्लिम भाई हमें काफिर बोलते हैं। अगर हम काफिर हैं तो हमारी बनाई सड़क पर मत चलो। आपके घर में लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना का पैसा आ रहा है, तो उसे भी मत लो।"
'सबका साथ, सबका विकास' हमारी नीति
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि उनकी सरकार और पार्टी ने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" ही सरकार की कार्यशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि जनता ने वोट दिया हो या नहीं, विकास कार्य और जनसेवा निरंतर जारी रहेंगे।
'वोट देंगे तो ज्यादा दिल लगाकर काम करेंगे'
अपने संबोधन में विजयवर्गीय ने कहा कि जनता का समर्थन मिलने पर जनप्रतिनिधियों का उत्साह बढ़ता है। उन्होंने कहा, "आप वोट देंगे तो ज्यादा दिल लगाकर काम करेंगे, नहीं देंगे तो भी काम करेंगे, लेकिन जनता की सेवा करना हमारा दायित्व है।"
2.39 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने वार्ड क्रमांक-1 और वार्ड क्रमांक-5 में कुल 2 करोड़ 39 लाख 80 हजार रुपए की लागत से होने वाले 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता होने और जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा करने को अपना सौभाग्य बताया।
Tags
madhya pradesh
