Jabalpur News: बरेला के नागा घाटी में भीषण सड़क हादसा, ट्राले ने कार को पीछे से मारी टक्कर, एक की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागा घाटी (शारदा मंदिर के पास, मंगलायतन कॉलेज के सामने) सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्राले ने आगे चल रही अर्टिगा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सगाई समारोह से लौट रहा था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर उमरिया जिले के चंदिया लौट रहे थे। मंडला की ओर से आ रही अर्टिगा गाड़ी (जिसमें कुल 7 लोग सवार थे) जैसे ही नागा घाटी के मुख्य मार्ग पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्राले ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में सीधी के रहने वाले पप्पू उर्फ राजेश शर्मा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार सवार अनिल शर्मा, पंकज शर्मा और अनिल द्विवेदी सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार की पिछली सीट पर बैठा एक अन्य व्यक्ति इस हादसे में बाल-बाल बच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, हाईवे पर लगा जाम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया। इस हादसे के बाद जबलपुर-रायपुर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर सुचारू कराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post