दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर निगम ने आउटसोर्स चालकों एवं मशीन ऑपरेटरों को पिछले तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। निगम के कर्मशाला/भंडार विभाग ने लापरवाही बरतने वाली मेसर्स राज सिक्योरिटी फोर्स लेबर सप्लायर प्रा. लि. पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाने का प्रस्ताव जारी किया है।
22 जून को जारी आधिकारिक प्रतिवेदन के अनुसार, आउटसोर्स एजेंसी चालकों और मशीन ऑपरेटरों को समय पर वेतन भुगतान करने में विफल रही। कर्मचारियों द्वारा वेतन नहीं मिलने की शिकायत किए जाने पर नगर निगम ने मामले की जांच कराई। जांच में सामने आया कि एजेंसी ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली का हवाला देकर भुगतान में देरी की, जबकि वर्तमान व्यवस्था में कर्मचारियों की उपस्थिति तत्काल ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है।
नगर निगम के अनुसार एजेंसी की लापरवाही के कारण कर्मचारियों का वेतन लगातार लंबित रहा, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों के प्रति जवाबदेही तय करते हुए कार्यपालन यंत्री कर्मशाला/भंडार द्वारा एजेंसी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है।
गौरीघाट की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर भी कार्रवाई
इधर, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने रविवार सुबह गौरीघाट क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित एजेंसी अल्ट्रा क्लीन कम्पनी के खिलाफ भी अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नागरिक सुविधाओं और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags
jabalpur
