दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह दिल्ली से जबलपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट (6ई-6038) में यात्रा कर रहे दो यात्रियों के बीच सामान उतारने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद एयरपोर्ट लाउंज में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर एयरपोर्ट प्रबंधन, सीआईएसएफ और एयरलाइन कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया। मामले में खमरिया थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं मूल रूप से कोलकाता निवासी सुहान मुखर्जी अपने तीन वर्षीय बेटे और केयरटेकर के साथ दिल्ली से जबलपुर पहुंचे थे। यहां से उन्हें बांधवगढ़ जाना था। उसी फ्लाइट से दिल्ली निवासी योगेश बंसल भी जबलपुर पहुंचे थे और उनका गंतव्य भी बांधवगढ़ था।
बताया जा रहा है कि बैगेज बेल्ट पर सामान लेते समय योगेश बंसल का धक्का सुहान मुखर्जी को लग गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। घटना के समय अधिवक्ता का तीन वर्षीय बेटा भी उनके साथ मौजूद था, जिससे वहां मौजूद अन्य यात्रियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत ली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। अधिवक्ता सुहान मुखर्जी की शिकायत पर खमरिया थाने में योगेश बंसल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, जबकि योगेश बंसल एयरपोर्ट से सीधे बांधवगढ़ के लिए रवाना हो गया।
खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एयरपोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, एयरलाइन कर्मचारियों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
