दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों के चलते एक पत्नी ने अपने ही देवर के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मेरठ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश रचने वाली आरोपी पत्नी खुशी और उसके देवर भोले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह पूरा मामला बुधवार को तब प्रकाश में आया जब सदर के सुल्तानपुरा निवासी अमित उर्फ सोलू का शव चिरौटी बाग की झाड़ियों में बरामद हुआ। पुलिस ने जब इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, तो मृतक का छोटा भाई भोले संदिग्ध नजर आया। हिरासत में लेकर की गई कड़ाई से पूछताछ के बाद भोले ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिससे इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी खुशी ने बताया कि करीब छह महीने पहले अमित के साथ उसका रिश्ता तय हुआ था। इसी दौरान उसने अपने होने वाले देवर भोले का मोबाइल नंबर ले लिया था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत और चैटिंग शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गहरे प्रेम संबंधों में बदल गई। शादी के बाद भी दोनों के बीच यह अवैध रिश्ता जारी रहा और दोनों ने मिलकर अमित को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। इंस्पेक्टर विजय विक्रम सिंह के अनुसार: "दोनों आरोपी एक-दूसरे के साथ रहना चाहते थे। अमित के रहते यह संभव नहीं था, इसलिए दोनों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।"
दो महीने पहले भी की थी मारने की कोशिश
परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला बेहद शातिर दिमाग है। उसने दो महीने पहले भी अमित की रोटी में चूहा मारने की दवा मिलाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया था। हालांकि, उस समय पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और अमित ने गुस्से में खाना नहीं खाया, जिसके कारण उस वक्त उसकी जान बच गई थी। लेकिन इस बार आरोपी अपने खौफनाक मंसूबों में कामयाब रहे।
