दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के लसूड़िया और बाणगंगा थाना क्षेत्रों में पुराने विवादों को लेकर चाकूबाजी की दो अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। दोनों ही मामलों में आरोपी पक्ष, पीड़ितों पर पुराने मुकदमों में समझौता करने और कोर्ट में बयान बदलने का दबाव बना रहे थे। बात न मानने पर बदमाशों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला 1: लसूड़िया में भाई को बचाने आए युवक पर भी हमला
लसूड़िया थाना क्षेत्र के निरंजनपुर में रहने वाले प्रदीप राजोरे (28 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि करीब दो साल पहले उसका लखन खोरे नामक व्यक्ति से विवाद हुआ था, जिसकी रिपोर्ट खजराना थाने में दर्ज है। इसी पुराने मामले में समझौता करने का दबाव बनाने के लिए आरोपी लखन खोरे रात में अपने कुछ साथियों के साथ प्रदीप के घर आ धमका और गाली-गलौज करने लगा।
जब प्रदीप और उसके भाई विकास ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते लखन खोरे ने चाकू निकालकर विकास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। विकास के पेट, पीठ और जांघ पर चाकू के आधा दर्जन से अधिक वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब प्रदीप अपने भाई को बचाने बीच-बचाव करने पहुंचा, तो बदमाशों ने उसके सिर पर भी चाकू से वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मामला 2: युवक पर हमला कर कार फोड़ी
दूसरा मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र का है, जहां नई बस्ती (भागीरथपुरा) निवासी रवि विश्वकर्मा ने चार बदमाशों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। रवि के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे जब वह अपनी गाड़ी लेने बाबू मार्केट पहुंचा था, तभी बाइक से विकास यादव, गोलू शर्मा, बबुआ यादव और अम्मू खटीक वहां आ धमके।
इन चारों आरोपियों ने रवि पर पहले से दर्ज एक मामले में कोर्ट में गवाही बदलने और राजीनामा करने का दबाव बनाया। रवि ने जब साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी विकास यादव ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान अन्य साथियों ने रवि की खड़ी कार के कांच फोड़ दिए और वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात को अंजाम देकर चारों आरोपी मौके से भाग निकले। बाणगंगा पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Tags
madhya pradesh
