Jabalpur News: चलती इंटरसिटी से उतरते समय पैर फिसलने से ट्रैक और ट्रेन के बीच फंसा युवक, घुटने के नीचे से कटा एक पैर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में यात्री का एक पैर कट गया, जिससे प्लेटफार्म पर हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। रेलवे सूत्रों से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 11:20 बजे गाड़ी संख्या 22190 (इंटरसिटी एक्सप्रेस) जब जबलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 3 पर आकर प्लेस हो रही थी, तभी एक यात्री ने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने के कारण वह सीधे ट्रैक और ट्रेन के बीच आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से यात्री का बायां पैर घुटने के नीचे से कटकर अलग हो गया, जबकि उसके दाहिने पैर में भी बेहद गंभीर चोटें आई हैं। 

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्लेटफार्म पर तैनात ऑन ड्यूटी आरपीएफ (RPF) स्टाफ और कमर्शियल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए रेलवे के चिकित्सा दल के साथ मौके पर दौड़ लगाई। लहूलुहान हालत में तड़प रहे यात्री को तुरंत ट्रैक से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार देने के बाद स्टेशन पर बुलाई गई एम्बुलेंस के जरिए अत्यंत गंभीर हालत में इलाज के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया गया। घायल यात्री की पहचान हरिओम (उम्र लगभग 30 वर्ष, पिता रवि शंकर) निवासी शहडोल के रूप में हुई है।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post