दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने देर रात भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 9 अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में शहडोल और शाजापुर जिले के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को बदला गया है। संजय कुमार अग्रवाल को शहडोल का नया एसपी और प्रियंका शुक्ला को शाजापुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं भोपाल ग्रामीण, सागर और नर्मदापुरम में नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) की पदस्थापना की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, रुचि वर्धन मिश्रा को आईजी प्रशासन, पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) से स्थानांतरित कर आईजी ग्रामीण जोन भोपाल बनाया गया है। मिथिलेश शुक्ला को सागर रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है। वे अब तक नर्मदापुरम जोन के आईजी रहते हुए सागर रेंज का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। चंद्रशेखर सोलंकी को इंदौर एसएएफ रेंज से स्थानांतरित कर आईजी नर्मदापुरम जोन बनाया गया है, जबकि हरि नारायणचारी मिश्रा को आईजी एससीआरबी से आईजी प्रशासन, पीएचक्यू की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची में सिमाला प्रसाद को डीआईजी खरगोन रेंज नियुक्त किया गया है। शाजापुर के एसपी यशपाल सिंह राजपूत को पुलिस अधीक्षक रेल, इंदौर भेजा गया है, जबकि शहडोल के एसपी रामजी श्रीवास्तव को एआईजी, पुलिस अकादमी भौंरी पदस्थ किया गया है।
सरकार ने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ स्पेशल डीजी दूरसंचार, पीएचक्यू का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं आईजी इंदौर ग्रामीण जोन अनुराग को आईजी एसएएफ इंदौर रेंज और आईजी आरएपीटीसी इंदौर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
Tags
jabalpur
