दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। शहर के सरकारी बस स्टैंड के पास स्थित एक कुएं में शुक्रवार शाम 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बड़ा पुरा निवासी 14 वर्षीय राज अहिरवार, पिता देवराज अहिरवार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि राज डिस्पोजल और पॉलिथीन बीनने का काम करता था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर राज को इसी कुएं के पास बैठे और घूमते हुए देखा गया था। लोगों ने उसे वहां से हटा भी दिया था। हालांकि, वह कुएं में कब और कैसे गिरा, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है।
शुक्रवार शाम करीब 6 बजे कंट्रोल रूम को कुएं में शव होने की सूचना मिली, जिसके बाद एएसआई अलजार सिंह, प्रधान आरक्षक कल्याण और ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ प्रभारी प्राची दुबे और उनकी टीम ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला।
शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
